गोपेश्वर : गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर आयुक्त सख्त, व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश

Team PahadRaftar

पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश

गोपेश्वर। आगामी प्रस्तावित गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को सत्र के सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सत्र की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। आयुक्त ने पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, मोबाइल और स्थायी शौचालयों तथा चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को नियमित निगरानी के साथ तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त ने पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग और बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखें और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि सत्र के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पूर्ति, शहरी विकास और जिला पंचायत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : औली के स्की खिलाड़ी विवेक पवार को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन समिति में बने सदस्य

औली के अनुभवी स्की खिलाड़ी को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, तीन दशक से शीतकालीन खेलों में सक्रिय संजय कुंवर ज्योतिर्मठ (चमोली)। उत्तराखंड के शीतकालीन खेलों से जुड़े विवेक पवार को स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। करीब तीन दशक से स्कीइंग और शीतकालीन खेलों […]

You May Like