जोशीमठ में छात्रों को मिला उद्यमिता का मंत्र, स्टार्टअप और स्वरोजगार की ओर बढ़ने की अपील
संजय कुंवर
संवाददाता, जोशीमठ (चमोली) : युवाओं को रोजगार के बजाय स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की दिशा में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में एक दिवसीय उद्यमिता विकास ओरियंटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद (गुजरात) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यशाला में छात्रों को स्टार्टअप और व्यवसाय की बारीकियों से रूबरू कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोपाल कृष्ण सेमवाल और परियोजना अधिकारी विनोद नेगी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नोडल अधिकारी नंदन सिंह रावत ने अतिथि का स्वागत किया।
प्राचार्य डॉ. सेमवाल ने कहा कि उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग की यह फ्लैगशिप योजना युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस रोजगारपरक योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यशाला में परियोजना अधिकारी विनोद नेगी ने छात्रों को उद्यमिता की आवश्यकता और उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नवाचार, स्टार्टअप, व्यवसाय योजना, बाजार सर्वेक्षण, व्यवसाय प्रबंधन, उद्यम विकास व विस्तार जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी साझा की। साथ ही आयुष, पर्यटन, कृषि व खाद्य प्रसंस्करण, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और ड्रोन आधारित खेती जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन पंत ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के कई प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यशाला में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की रुचि दिखाई।
