देहरादून : जागर की गूंज से राष्ट्रीय मंच तक पहुंची हेमा नेगी करासी

Team PahadRaftar

अडानी प्रेजेंट्स अमेजिंग इंडिया अवार्ड से सम्मानित, लोक संस्कृति के संरक्षण में भी जुटीं

केएस असवाल

चमोली/देहरादून। पहाड़ की लोकधुनों और जागर की परंपरा को अपनी आवाज के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली लोक गायिका हेमा नेगी करासी को प्रतिष्ठित ‘अडानी प्रेजेंट्स अमेजिंग इंडिया अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। लोक संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयासों को इस सम्मान के जरिए राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।

हेमा नेगी करासी लंबे समय से उत्तराखंड के लोकगीतों और जागर गायन से जुड़ी हैं। अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से वह पहाड़ की लोकभाषा, लोकधुन, परंपराओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को श्रोताओं तक पहुंचा रही हैं। देश के साथ विदेशों में भी उनकी प्रस्तुतियां उत्तराखंड की लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने में सहायक रही हैं।

नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल

लोक संगीत को जीवंत बनाए रखने के लिए हेमा नेगी करासी मंचीय प्रस्तुतियों के साथ प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी काम कर रही हैं। एचएनके सांस्कृतिक सेवा ट्रस्ट के माध्यम से युवाओं को पारंपरिक वाद्ययंत्रों का निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनका प्रयास है कि पहाड़ की लोक कला और संगीत की परंपरा नई पीढ़ी तक निरंतर पहुंचती रहे।

पहले भी मिल चुकी है पहचान

लोक संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को पहले भी विभिन्न स्तरों पर सराहना मिली है। उन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए नामित किया जा चुका है। अब ‘अडानी प्रेजेंट्स अमेजिंग इंडिया अवार्ड’ उनकी कला यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।

सम्मान पूरी लोक संस्कृति का

हेमा नेगी करासी ने सम्मान मिलने पर कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पूरी लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और उन कलाकारों का सम्मान है, जो लोक विरासत को सहेजने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े लोगों, प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Next Post

केदारनाथ : अतिक्रमण हटाने के विरोध में हेलीपेड पर गरजे व्यापारी और तीर्थ पुरोहित

कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। केदारनाथ धाम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में प्रभावित व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों का आक्रोश बढ़ गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों ने हेलीपेड […]

You May Like