लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महायज्ञ के छठवें दिन धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ और कथा श्रवण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। दूर-दराज के गांवों समेत विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला में पहुंचकर आहुति दी और पुण्य लाभ अर्जित किया।

बुधवार को प्रातःकाल से ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान आचार्यों ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, मानव कल्याण और लोकमंगल की कामना की। वेद ऋचाओं और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा कुमार लोक क्षेत्र गुंजायमान रहा।
शिव महापुराण कथा के छठवें दिन कथावाचक आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिव सृष्टि के कल्याणकारी देव हैं। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई शिव आराधना से मनुष्य के कष्ट दूर होते हैं और आध्यात्मिक शांति की प्राप्ति होती है। कथा के दौरान शिव पुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

पूर्व विधायक मनोज रावत ने भी महायज्ञ में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रसार का कार्य करते हैं।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
महायज्ञ को सफल बनाने में कार्तिकेय मंदिर समिति, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, मंदिर समिति प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

