गोपेश्वर : बमियाला में टेंट में आग, रातभर मची अफरा-तफरी

Team PahadRaftar

टेंट में आग से मचा हड़कंप : कई वाहन चपेट में, लाखों का नुकसान

गोपेश्वर/चमोली। दशोली विकासखंड के बमियाला गांव में देर रात शादी के टेंट में लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। घटना में टेंट स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि शादी समारोह के बाद टेंट व डीजे समेत अन्य सामान सड़क किनारे रखा गया था, जिसे अगले दिन ले जाना था। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टेंट का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में तीन दुपहिया वाहन और एक कार भी आ गई, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा।

कारणों का नहीं चला पता

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। टेंट स्वामी ने थाना गोपेश्वर में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गांवों में लगातार बढ़ रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है।

थानाध्यक्ष अनुरोध ब्यास के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और पुलिस टीम द्वारा पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

You May Like