
थराली में सबसे अधिक 98,053 मतदाता, बद्रीनाथ में 91,555 और कर्णप्रयाग में 86,399 मतदाता
रघुबीर नेगी
चमोली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शनिवार को चमोली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। अंतिम सूची में जिले के 2,76,007 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण कराया गया।
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो थराली (अ.जा.) में सर्वाधिक 98,053 मतदाता हैं। इनमें 51,056 पुरुष और 46,997 महिलाएं हैं। बद्रीनाथ विधानसभा में 91,555 मतदाता हैं, जिनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिला और एक अन्य मतदाता है। वहीं कर्णप्रयाग में 86,399 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 43,672 पुरुष और 42,727 महिला मतदाता हैं।
ड्राफ्ट सूची में थे 2.72 लाख मतदाता
SIR अभियान आठ जून 2026 को शुरू हुआ था। अभियान शुरू होने से पहले जिले में 2,95,623 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें बद्रीनाथ में 98,603, थराली में 1,03,039 और कर्णप्रयाग में 93,981 मतदाता थे। गणना प्रपत्रों के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर 2,72,187 रह गई थी।
14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। इनके निस्तारण की प्रक्रिया 13 अगस्त से 28 सितंबर तक चली। इसके बाद अंतिम सूची में 3,820 नए मतदाताओं को शामिल किया गया।
छूटे पात्र मतदाताओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन निर्वाचन आयोग के पोर्टल/ऐप के माध्यम से और ऑफलाइन आवेदन संबंधित बीएलओ के जरिए किया जा सकेगा। इसके लिए विशेष बूथ स्तरीय शिविर भी लगाए जाएंगे।
बीएलओ प्री-SIR सूची से वर्तमान मतदाता सूची का मिलान कर उन लोगों को चिन्हित करेंगे, जिनके नाम पहले की सूची में थे लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद घर-घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी ली जाएगी और पात्र पाए जाने पर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
युवा और बेघर मतदाताओं पर भी रहेगा फोकस
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ ही सूची में शामिल होने से छूटे पात्र लोगों को जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर और हाशिए पर रहने वाले पात्र लोगों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बीएलओ द्वारा चिन्हित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। इसके बाद ईआरओ स्तर से भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
