चमोली : ज्योतिर्मठ में वन्य जीव संरक्षण का गूंजा संदेश, पर्यटकों को दिलाई शपथ

Team PahadRaftar

नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क और फूलों की घाटी में स्वच्छता अभियान के साथ चलाया जागरूकता कार्यक्रम

संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह 2026 के तहत जंगल और जनमानस के बीच संरक्षण का संदेश पहुंचाने के लिए नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ और विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ज्योतिर्मठ रेंज के टीसीपी व्यू प्वाइंट क्षेत्र में वन कर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाने के साथ जागरूकता रैली निकाली। वहीं, फूलों की घाटी के प्रवेश द्वार पर पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों और स्थानीय कारोबारियों को हिमालयी वन्य जीवों और जैव विविधता के संरक्षण की जानकारी दी गई।

नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क की ज्योतिर्मठ रेंज में रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण के नेतृत्व में वन कर्मियों ने टीसीपी व्यू प्वाइंट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद जागरूकता रैली निकालकर स्थानीय लोगों, पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों को वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान युवाओं, पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों को वन्य जीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

फूलों की घाटी में भी चला जागरूकता अभियान

विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के प्रवेश द्वार पर पार्क प्रशासन ने स्थानीय होटल कारोबारियों, व्यापार मंडल, तीर्थ यात्रियों, प्रकृति प्रेमी पर्यटकों और ईको विकास समिति भ्यूंडार के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह मनाया। पार्क अधिकारियों ने पर्यटकों को घाटी में मौजूद वन्य जीवों और हिमालयी जैव विविधता की जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि फूलों की घाटी और नन्दा देवी क्षेत्र की जैव विविधता हिमालय की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है। इसके संरक्षण में स्थानीय समुदाय के साथ पर्यटकों की भूमिका भी अहम है। पर्यटकों से पार्क क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, वन्य जीवों से दूरी रखने और प्राकृतिक आवास को नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई।

Leave a Reply

You May Like