– यात्रा मार्गों से लेकर स्वास्थ्य, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
– रीप योजना से स्थानीय लोगों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
गोपेश्वर। आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में यात्रा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को तय समय सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि यात्रा मार्गों एवं पड़ाव स्थलों पर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खाद्य सामग्री, पैदल मार्ग, पार्किंग, शौचालय, संचार, स्वच्छता और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कर्णप्रयाग-नौती-पैठाणी, नंदानगर-रामणी, थराली-मुन्दोली-वाण और ग्वालदम-नंदकेसरी सड़क मार्गों के साथ ही राजजात के पैदल मार्गों के सुधारीकरण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ ने बताया कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए रीप योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीणों की आय में भी वृद्धि होगी।
राजजात समिति के प्रतिनिधियों ने यात्रा मार्ग, आधारभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों को लेकर सुझाव दिए, जिन पर सीडीओ ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, नंदा देवी राजजात समिति के पदाधिकारी भुवन नौटियाल, कर्नल हरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

