चमोली में पांच अक्टूबर को होगी दक्षता आकलन परीक्षा
केएस असवाल
चमोली : जिले के 1268 सरकारी विद्यालयों में पांच अक्टूबर को द्वितीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा होगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इसमें कक्षा दो, पांच और आठ के विद्यार्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कक्षा दो में हिंदी व गणित, कक्षा पांच में हिंदी, गणित व पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा आठ में हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान व विज्ञान का आकलन होगा। प्रत्येक विषय में 12 प्रश्न पूछे जाएंगे। कक्षा दो व पांच के लिए डेढ़ घंटे और कक्षा आठ के लिए दो घंटे का समय निर्धारित है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने बताया कि सभी विकासखंडों को प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन होगा और परिणामों की जानकारी विद्या समीक्षा केंद्र के पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सात सितंबर को हुए प्रथम आकलन में चमोली में 97 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति रही थी। जिले के 1268 विद्यालयों में 875 प्राथमिक, 192 जूनियर हाईस्कूल, 73 हाईस्कूल और 128 इंटर कॉलेज शामिल हैं।
