ऊखीमठ : वेद ऋचाओं से गूंजा भगवती कालिंका मंदिर, सकलीकरण यज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब

Team PahadRaftar

वेद ऋचाओं से गूंजा भगवती कालिंका मंदिर, सकलीकरण यज्ञ में उमड़ा आस्था का सैलाब

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। नगर पंचायत क्षेत्र के भटेश्वर वार्ड और कुंड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे भटवाड़ी गांव के समीप प्रकृति की सुरम्य वादियों में स्थित भगवती कालिंका मंदिर में तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। वैदिक आचार्यों ने मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ यज्ञ का शुभारंभ कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।

यज्ञ के शुभारंभ पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा रहा। वेद ऋचाओं के उच्चारण, हवन कुंड से उठती अग्नि की लपटों और धूप-दीप की सुगंध से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवती कालिंका की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

ढोल-दमाऊं समेत पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज ने धार्मिक आयोजन की भव्यता बढ़ा दी। जयकारों और भजनों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु भी देवी की आराधना में लीन नजर आए।

तीन दिन चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

यज्ञ समिति के अध्यक्ष दलपत सिंह पंवार ने बताया कि तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक पूजा-पाठ और हवन आयोजित किए जाएंगे। यज्ञ के माध्यम से भगवती से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा और समस्त प्राणियों के कल्याण की प्रार्थना की जा रही है।

यज्ञ के आचार्य विश्व मोहन जमलोकी, अभ्युदय जमलोकी और वेद प्रकाश जमलोकी ने कहा कि भगवती कालिंका की आराधना से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ देवी की पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं।

पारंपरिक संस्कृति की दिखी झलक

प्रकृति की गोद में स्थित भगवती कालिंका मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता के चलते यज्ञ में स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन में पारंपरिक धार्मिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है। यज्ञ को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

इस मौके पर सभासद बलवीर पंवार, पूर्व सभासद रविंद्र रावत, पूर्व प्रधान प्रकाश रावत, यज्ञ समिति कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी, महेंद्र सिंह रावत, शेर सिंह राणा, जगत सिंह पुष्पाण, जगमोहन सिंह, प्रेम सिंह, राजेंद्र प्रसाद, रमेशचंद्र तिवारी, मान सिंह रावत, भारत सिंह रावत, तेज प्रकाश त्रिवेदी, राय सिंह रावत समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like