
शिक्षक पिता और गृहणी मां के बेटे ने मेहनत के दम पर हासिल किया मुकाम, चोपता भन्नू गांव से गौचर तक जश्न का माहौल
केएस असवाल
गौचर (चमोली)। पहाड़ के छोटे से गांव में पले-बढ़े एक युवा ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई इबारत लिखी है। रुद्रप्रयाग जिले के चोपता भन्नू गांव निवासी लोकेश सिंह सजवाण ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्रदेश में सातवां स्थान हासिल कर नायब तहसीलदार का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार का सपना साकार किया, बल्कि चमोली और रुद्रप्रयाग के युवाओं के सामने भी एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
लोकेश की सफलता के पीछे वर्षों का संघर्ष, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण छिपा है। उनके पिता सूरत सिंह सजवाण गौचर क्षेत्र के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता गृहणी हैं। परिवार ने शुरू से ही उनकी पढ़ाई को प्राथमिकता दी। शिक्षक पिता के मार्गदर्शन और मां के सहयोग ने लोकेश को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
शुरुआत से ही पढ़ाई में रहे अव्वल
लोकेश की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर गौचर से हुई। पांचवीं कक्षा के बाद उन्होंने सेक्रेड हार्ट स्कूल घोलतीर में प्रवेश लिया। यहां उनकी प्रतिभा लगातार निखरती रही। हाईस्कूल की परीक्षा में 93 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर उन्होंने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्कूली शिक्षा के दौरान ही उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दे दिया था।
इसके बाद लोकेश ने श्रीनगर डिग्री कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया और लोअर पीसीएस परीक्षा की तैयारी में जुट गए। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्होंने निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाए रखा।
सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चयनित 36 नायब तहसीलदारों में प्रदेश में सातवां स्थान हासिल करना उनकी मेहनत का परिणाम है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
पिता सूरत सिंह सजवाण बताते हैं कि लोकेश ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए दिन-रात मेहनत की है। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और समर्पण ने आज उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। बेटे की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है। मां के लिए भी बेटे की यह उपलब्धि किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है।
लोकेश की सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव चोपता भन्नू और गौचर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। लोकेश की कहानी यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों और पहाड़ की कठिन परिस्थितियों के बीच भी मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
