चमोली : पीपलकोटी में 100 मीटर गहरी खाई में मिला महिला का शव, पुलिस-एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

Team PahadRaftar

पीपलकोटी (चमोली)। पीपलकोटी बाजार के पीछे खेतों के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला के लापता होने की सूचना पर तलाश में जुटी पुलिस को उनकी चप्पलें खाई के ऊपर मिलीं। इसके बाद खाई में तलाश करने पर महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को सड़क तक पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह पीपलकोटी निवासी विजेंद्र वर्मा ने चौकी पहुंचकर अपनी पत्नी नीलम वर्मा (52) के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और सुबह बिना बताए घर से चली गई थीं। सूचना पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान बाजार के पीछे खेतों के समीप महिला की चप्पलें मिलीं। आसपास तलाश करने पर वह करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरी मिलीं। उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

दुर्गम घटनास्थल पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालकर स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया। पुलिस ने पंचायतनामा और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : रिखणीखाल में खाई में गिरी इको कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल

कलवाड़ी गांव के समीप 300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, मृतकों में सात महिलाएं और चालक शामिल जसपाल नेगी  पौड़ी। रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। भंगवाड़ की ओर जा रही इको कार […]

You May Like