संगठन की मजबूती और विकास कार्यों के दम पर भाजपा बनाएगी तीसरी बार सरकार : मनीष खंडूड़ी

Team PahadRaftar

कांग्रेस पर साधा निशाना, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं में सुधार की जरूरत भी मानी

केएस असवाल 

कर्णप्रयाग : भाजपा नेता मनीष खंडूड़ी ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में संगठन की मजबूती और सरकार के विकास कार्यों के दम पर लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश और प्रदेश को विकास की नई दिशा देने में सक्षम है।

बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग में पत्रकारों से बातचीत में खंडूड़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास न तो देश को एकजुट रखने की स्पष्ट सोच है और न ही विकास का कोई ठोस रोडमैप। यही वजह है कि कांग्रेस का जनाधार लगातार सिमट रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र की ‘वीबी राम जी’ और प्रदेश सरकार की ‘बैणी-भुली’ जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

खंडूड़ी ने स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं में सुधार की जरूरत भी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती के लिए सरकार प्रयास कर रही है। गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने के साथ वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और अग्निवीरों को राजकीय सेवाओं में आरक्षण को उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पत्रकार वार्ता में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विक्रम लिंगवाल, नगर मंडल अध्यक्ष बृजेश बिष्ट, महानंद मैठाणी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : ग्वास गांव में छठवें कार्तिकेय जन्मोत्सव की तैयारियां तेज, 15 दिसंबर को निकलेगी भव्य देव झांकी

14 से 16 दिसंबर तक चलेगा तीन दिवसीय महोत्सव, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दिखेगी लोक संस्कृति की झलक लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत घिमतोली के ग्वास गांव में छठवें त्रिदिवसीय कार्तिकेय जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 से 16 दिसंबर तक आयोजित होने वाले […]

You May Like