गौचर : विवेक और मंजू नौटियाल के गीतों पर देर रात तक थिरके दर्शक

Team PahadRaftar

गौचर मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों के नाम रही, हिमनाद बैंड की प्रस्तुतियों ने भी बांधा समां

केएस असवाल गौचर :  74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति की धूम रही। लोक गायक विवेक नौटियाल और गायिका मंजू नौटियाल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं स्थानीय कलाकारों ने जागर, लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुराग शाह की जागर प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद उमाशंकरी कला मंच कर्णप्रयाग के कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति दी। हिमनाद बैंड ने गजल, हिंदी और गढ़वाली गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बैंड की ओर से ‘हुस्न पहाड़ों का क्या कहना’ और ‘हिमालय को ऊंचा डाडां, प्यारो मेरो गांव’ की प्रस्तुति पर खूब तालियां बजीं।

इसके बाद लोक गायक विवेक नौटियाल और गायिका मंजू नौटियाल ने मंच संभाला। दोनों कलाकारों ने ‘पैटण बैठिगे मेरी नंदा भवानी’, ‘दैणा होया बदरीनाथ, दैणा होया केदारनाथ’, ‘ऊंचा ऐड़ी सैंडिल म्येन पेनाई कतई ना’, ‘मामा मेरु सुरसू मामा’, ‘ये बोई मेरी कमर पीड़ा’ और ‘रुमझूमा मेरी स्याली बरोड़ा’ जैसे गीतों से समां बांध दिया। गीतों की धुन पर दर्शक देर रात तक नाचते रहे।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला जज विधांचल सिंह और विशिष्ट अतिथि सोहन सिंह रांगड ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस मौके पर मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल, पुनीत कुमार, गुंजन सिसोदिया, रामकृष्ण भट्ट, तेजपाल रावत, विनिता बड़वाल, अनुज डिमरी, विजय प्रसाद डिमरी और हर्षवर्धन थपलियाल सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like