ऊखीमठ : कल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद होंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर के कपाट, 19 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

Team PahadRaftar

मनसूना और ऊखीमठ में तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले की तैयारियां शुरू, 18 से 20 नवंबर तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में पूजित भगवान मदमहेश्वर के कपाट सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार, वेद ऋचाओं के उच्चारण और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली की शीतकालीन प्रवास यात्रा शुरू होगी। विभिन्न पड़ावों से होते हुए उत्सव डोली 19 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।

भगवान मदमहेश्वर के कपाट बंद होने और उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने को लेकर मंदिर समिति सहित स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डोली के आगमन पर मनसूना और ऊखीमठ में पारंपरिक मेलों का आयोजन होगा। इन मेलों को लेकर स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और मेला आयोजन समितियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्षेत्रीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।

परंपरा के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। मनसूना में डोली के आगमन पर तीन दिवसीय पारंपरिक मेले की रौनक रहेगी, जबकि ऊखीमठ पहुंचने पर ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और उत्सव आयोजित किए जाएंगे।

डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी और सह प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट बंद करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को शुभ लग्नानुसार विधि-विधान के साथ कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।

वहीं, तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेला मनसूना के सचिव दलवीर नेगी ने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाले मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने बताया कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने पर 18 से 20 नवंबर तक तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का आयोजन किया जाएगा।

धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति का उत्सव

मदमहेश्वर घाटी और ऊखीमठ क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए भगवान मदमहेश्वर की डोली का शीतकालीन प्रवास केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण अवसर है। डोली आगमन पर लगने वाले मेले स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति देते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय जनता को डोली के आगमन का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Next Post

देहरादून : फाफर के डोसे और बिच्छू घास की खिचड़ी का चखा स्वाद, किसानों ने सिखाए पहाड़ी व्यंजन बनाने के गुर

हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल के दूसरे दिन नीति, स्पीति और जोंगू घाटी के पारंपरिक पकवान रहे आकर्षण का केंद्र, करीब 200 लोगों ने लिया हिस्सा देहरादून : हिमालय की वादियों में उगने वाले पारंपरिक अनाज और स्थानीय खाद्य वनस्पतियों का स्वाद रविवार को दून में देखने को मिला। मियावाला स्थित […]

You May Like