चमोली : मुख्यमंत्री से नहीं मिल पाए सिमली बेस अस्पताल के आंदोलनकारी, विधायक और सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Team PahadRaftar

गौचर मेले के सांस्कृतिक मंच पर पहुंचकर जताया आक्रोश, एसडीएम के समझाने पर मंच से हटे आंदोलनकारी

केएस असवाल 

कर्णप्रयाग : सिमली में बेस अस्पताल की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे लोगों का गुस्सा शनिवार को गौचर मेले में फूट पड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात नहीं होने पर आक्रोशित आंदोलनकारियों ने स्थानीय विधायक और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आंदोलनकारी नारेबाजी करते हुए मेले के सांस्कृतिक मंच पर पहुंच गए।

आंदोलनकारियों ने कहा कि सिमली में बेस अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता लंबे समय से संघर्ष कर रही है। इस मांग को लेकर देहरादून तक पदयात्रा भी निकाली जा चुकी है, लेकिन अब तक सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। शनिवार को वे इसी मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गौचर पहुंचे थे। उनका आरोप था कि स्थानीय विधायक की ओर से मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद आंदोलनकारियों का आक्रोश बढ़ गया। वे नारेबाजी करते हुए सांस्कृतिक मंच पर पहुंच गए और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक सिमली में बेस अस्पताल की मांग पूरी नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इधर, सांस्कृतिक मंच पर नारेबाजी की सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने आंदोलनकारियों को समझाते हुए कहा कि सांस्कृतिक मंच इस तरह की नारेबाजी का प्लेटफार्म नहीं है। उन्होंने आंदोलनकारियों से मंच से बाहर आकर अपनी बात रखने की अपील की। एसडीएम के समझाने पर आंदोलनकारी मंच से बाहर आकर वार्ता करने को तैयार हो गए।

इस दौरान गजेंद्र सिंह नेगी, संजय डिमरी, गुड्डू रावत, पंकज कुमार, हरीश डिमरी, वीरेंद्र सिंह नेगी, गगन सिंह, संजय बहुगुणा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर में बनेगा प्रेस क्लब भवन, मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणा

तहसील स्तर पर भी प्रेस क्लब स्थापित करने पर दिया जोर, वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा और कीर्ति नवानी सम्मानित पहाड़ रफ्तार गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिला […]

You May Like