गोपेश्वर। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गंगोलगांव में 10 साल के लंबे अंतराल के बाद 13 नवंबर से पारंपरिक पांडव लीला का आयोजन शुरू होने जा रहा है। गांव की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और गांव में उत्सव जैसा माहौल बनने लगा है।

पांडव लीला के आयोजन की सूचना मिलते ही रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में गांव से बाहर रह रहे प्रवासियों की घर वापसी शुरू हो गई है। लंबे समय बाद आयोजित हो रही पांडव लीला ग्रामीणों को अपनी माटी और परंपराओं से जुड़ने का अवसर दे रही है। आसपास के गांवों के साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों में भी आयोजन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
गढ़वाल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में पांडव लीला का विशेष महत्व है। महाभारत के प्रसंगों पर आधारित इस लीला में पारंपरिक गीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से पांडवों के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया जाता है। ढोल-दमाऊं की थाप पर पांडव पश्वाओं का अवतरण और पारंपरिक नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पांडव लीला धार्मिक आस्था का प्रतीक होने के साथ ही गांव की एकता और भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। 10 साल बाद हो रहे इस आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ग्रामीण आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।
