गौचर : बारिश के इंतजार में गौचर, सूखे जैसे हालात से किसान परेशान

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर। क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जून माह समाप्ति की ओर है, लेकिन अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गौचर क्षेत्र में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। इससे किसानों के साथ आम लोगों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार सामान्य तौर पर 15 जून के आसपास बारिश का दौर शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार जून के अंतिम सप्ताह तक भी क्षेत्र में अच्छी बारिश नहीं हुई है। तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के अभाव में जल स्रोतों का जलस्तर लगातार घट रहा है। पेयजल के साथ-साथ सिंचाई का संकट भी गहराने लगा है। जनपद चमोली का गौचर क्षेत्र धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन नहरों में पानी की कमी के कारण किसान अभी तक धान की रोपाई शुरू नहीं कर पाए हैं।

खेतों में तैयार धान की नर्सरी को बचाने के लिए ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, सिंचाई के लिए दिन-रात संघर्ष कर रही हैं। पानी की बारी को लेकर किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं बारिश नहीं होने से फसलें और पेड़-पौधे भी मुरझाने लगे हैं।

इधर, वर्षा की कामना को लेकर क्षेत्र के लोग देवी-देवताओं की शरण में भी पहुंचने लगे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 25 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है, लेकिन फिलहाल क्षेत्र में केवल बादलों की आवाजाही ही दिखाई दे रही है। ऐसे में किसानों समेत आम लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

You May Like