
नंदप्रयाग-घाट में पिटाई के दावे पर मांगे प्रमाण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी पूछा जैनी प्रकरण पर पार्टी का रुख
गोपेश्वर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नंदप्रयाग-घाट में स्थानीय लोगों द्वारा पिटाई किए जाने संबंधी कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयान पर भाजपा नेता रघुवीर सिंह बिष्ट ने पलटवार किया है। उन्होंने हरक सिंह रावत से अपने दावे के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि दूसरों को राजनीतिक मर्यादा का पाठ पढ़ाने से पहले उन्हें जैनी प्रकरण में अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर जवाब देना चाहिए।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी वरिष्ठ नेता की प्रतिष्ठा को निशाना बनाना उचित नहीं है। यदि हरक सिंह रावत के पास महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने का कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें। बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह के बयान देना स्वस्थ राजनीति का परिचायक नहीं है।
बिष्ट ने कहा कि हरक सिंह रावत लंबे समय तक सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। ऐसे में उनसे सार्वजनिक जीवन में अधिक जिम्मेदारी और राजनीतिक परिपक्वता की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट ने हमेशा संगठनात्मक समर्पण और सामाजिक मर्यादा को प्राथमिकता दी है। उनके खिलाफ बिना प्रमाण आरोप लगाना राजनीतिक गरिमा के विपरीत है।
जैनी प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग
रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि जैनी ने वर्ष 2003 के घटनाक्रम को लेकर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तत्कालीन पुलिस कार्रवाई, अपने साथ हुए कथित व्यवहार और मामले को समाप्त किए जाने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। जैनी ने अपने बेटे का डीएनए परीक्षण नहीं कराए जाने का भी आरोप लगाया है।
बिष्ट ने कहा कि जैनी वर्षों बाद न्याय की मांग कर रही हैं और डीएनए परीक्षण के लिए सहमति जता रही हैं। ऐसे संवेदनशील मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने हरक सिंह रावत से जांच में सहयोग करने और डीएनए परीक्षण सहित कानूनी रूप से अनुमन्य जांच के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
गणेश गोदियाल से भी मांगा जवाब
भाजपा नेता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी सवाल किया कि कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण में महिला सम्मान और न्याय की बात करती रही है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता पर जैनी की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस का आधिकारिक रुख क्या है? उन्होंने कहा कि महिला सम्मान राजनीतिक लाभ का विषय नहीं होना चाहिए। कांग्रेस को इस मामले में भी अपना पक्ष सार्वजनिक करना चाहिए और निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए।
बिष्ट ने कहा कि हरक सिंह रावत कभी मुख्यमंत्री तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं पर बयान देते रहते हैं। राजनीति में पद और अनुभव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। जनता नेताओं से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास और जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही की अपेक्षा करती है।
उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत को नंदप्रयाग-घाट में महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने संबंधी दावे के प्रमाण देने चाहिए और जैनी प्रकरण में उठ रहे सवालों पर भी जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी के बजाय तथ्यों और मर्यादा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

