
शनिवार देर शाम पहाड़ियों में भड़की थी आग, फूलों की घाटी वन प्रभाग की टीम ने सुबह 4:40 बजे तक पाया नियंत्रण
संजय कुंवर बदरीनाथ धाम। भू-बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम के नर पर्वत क्षेत्र में लगी वनाग्नि पर वन विभाग की टीम ने पूरी तरह काबू पा लिया है। फूलों की घाटी वन प्रभाग की गोविंदघाट रेंज की फॉरेस्ट फायर सेफ्टी रेस्क्यू टीम ने रविवार सुबह करीब 4:40 बजे कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम बदरीनाथ धाम के नर पर्वत की पहाड़ियों में अचानक वनाग्नि भड़क उठी। देखते ही देखते पहाड़ियों का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया और पूरा क्षेत्र आग की लपटों से घिर गया। पहाड़ी पर आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा।
वनाग्नि की सूचना मिलते ही फूलों की घाटी वन प्रभाग की गोविंदघाट रेंज के वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आग बुझाने के लिए वनकर्मियों ने रातभर अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब 4:40 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से नर पर्वत क्षेत्र में फैल रही वनाग्नि पर काबू पा लिया गया है।
