
जन-जन की सरकार शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
गिरीश चंदोला, चमोली। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को दशोली ब्लॉक सभागार में ‘जन-जन की सरकार’ बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
चंद्रकला तिवारी ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर सरकार और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
शिविर की अध्यक्षता नोडल अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक उपाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, दशोली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, नामित पार्षद कलावती देवी, बीडीओ भवान सिंह राणा, तहसीलदार चमोली समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान और लाभार्थी मौजूद रहे।
