बामन द्वादशी पर माणा में गूंजे धार्मिक जयकारे, दिनभर बंद रहे बदरीनाथ धाम के कपाट
गिरीश चंदोला, बदरीनाथ। बामन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान बदरी विशाल के प्रतिनिधि भगवान उद्धव जी की डोली माणा स्थित माता मूर्ति मंदिर पहुंची। यहां माता मूर्ति और भगवान उद्धव जी के मिलन की सदियों पुरानी परंपरा निभाई गई।

बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत के प्रतिनिधि और मंदिर से जुड़े लोग डोली लेकर माणा पहुंचे। ग्रामीणों और महिला मंगल दल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डोली का स्वागत किया। भगवान उद्धव जी को जौ की हरियाली अर्पित की गई। इसके बाद माता मूर्ति मंदिर में पूजा-अर्चना, अभिषेक और भोग लगाया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार माता मूर्ति भगवान नर-नारायण की माता हैं। इसी मान्यता से जुड़ा माता मूर्ति महोत्सव बदरीनाथ की धार्मिक परंपराओं में विशेष स्थान रखता है। माता और पुत्र के पवित्र मिलन के इस अवसर पर माणा में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।
दोपहर में बंद रहे कपाट
माता मूर्ति महोत्सव के चलते बदरीनाथ मंदिर के कपाट दिनभर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहे। शाम करीब तीन बजे भगवान उद्धव जी की डोली वापस बदरीनाथ मंदिर पहुंची। इसके साथ ही महोत्सव की प्रमुख धार्मिक प्रक्रिया पूरी हुई।
महोत्सव में माणा के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। माता मूर्ति और भगवान उद्धव जी का मिलन बदरीनाथ धाम की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
