ऊखीमठ : फापज में मां चामुंडा की डोली पर बरसे फूल, रात्रि प्रवास के लिए पांली पहुंची दिवारा यात्रा

Team PahadRaftar

फापज में मां चामुंडा की डोली पर बरसे फूल, रात्रि प्रवास के लिए पांली पहुंची दिवारा यात्रा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कालीमठ घाटी के शीर्ष पर विराजमान भगवती चामुंडा की दिवारा यात्रा के तीसरे चरण में शनिवार को फापज गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच देवी की डोली का भव्य स्वागत किया। मां के दर्शन और आशीर्वाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। फापज में भ्रमण के बाद दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए पांली गांव पहुंची।

फापज में डोली के पहुंचते ही माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां चामुंडा की पूजा-अर्चना कर पुष्प अर्पित किए और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में देवी के दर्शन को लेकर खासा उत्साह रहा।

मान्यता है कि दिवारा यात्रा के दौरान भगवती चामुंडा गांव-गांव पहुंचकर भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देती हैं। इसी आस्था के चलते ग्रामीण डोली के स्वागत के लिए घर-आंगन सजाते हैं। देवी की डोली के पहुंचने पर श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।

15 वर्ष बाद गांव-गांव पहुंच रही डोली

दिवारा यात्रा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि करीब 15 वर्ष बाद भगवती चामुंडा की डोली गांव-गांव पहुंच रही है। ग्रामीण इसे देवी का विशेष आशीर्वाद मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा धार्मिक परंपराओं को जीवंत करने के साथ ही विभिन्न गांवों के बीच सामाजिक एकता और आपसी जुड़ाव को मजबूत कर रही है।

यात्रा के साथ चल रहे योगंबर तिन्दोरी ने कहा कि भगवती चामुंडा की दिवारा यात्रा लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत स्वरूप है। मां की डोली के आगमन से गांवों में उत्सव का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

पांली गांव में रात्रि प्रवास के बाद दिवारा यात्रा ऊखीमठ क्षेत्र की ओर आगे बढ़ेगी। विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए यात्रा तुंगनाथ घाटी पहुंचेगी। निर्धारित पड़ावों पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रधान आशा देवी नेगी, आचार्य राजेंद्र प्रसाद देवशाली, सत्यानंद भट्ट, अमित भट्ट, अनूप भट्ट, समिति संरक्षक कृपाल सिंह राणा, सलाहकार त्रिलोक सिंह रावत, रामचंद्र सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह तिन्दोरी, सचिव कीरत सिंह राणा, सह सचिव राजेंद्र सिंह राणा, कोषाध्यक्ष योगंबर सिंह रावत सहित फापज और पांली गांव के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बीकेटीसी बोर्ड बैठक में द्वितीय चरण की यात्रा पर जोर, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बीकेटीसी बोर्ड बैठक में द्वितीय चरण की यात्रा पर जोर, कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी संजय कुंवर ऋषिकेश/ चमोली : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक शनिवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप कार्यालय में अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में द्वितीय चरण की बदरीनाथ-केदारनाथ […]

You May Like