
भ्यूंडार में चार किमी क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क ठप, टावर लगाने की मांग
संजय कुंवर, भ्यूंडार। हेमकुंड साहिब और विश्व धरोहर फूलों की घाटी की यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भ्यूंडार वैली में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझना पड़ रहा है। घांघरिया बेस कैंप से करीब चार किलोमीटर नीचे और पुलना से छह किलोमीटर ऊपर तक के निर्जन क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है। इससे यात्रियों को परिजनों से संपर्क करने में परेशानी होती है। वहीं आपात स्थिति में यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
यात्रा सीजन में इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आवाजाही करते हैं। नेटवर्क नहीं होने से कई बार यात्री अपने साथियों और परिजनों से संपर्क नहीं कर पाते। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी
संचार सुविधा नहीं होने से किसी यात्री के बीमार पड़ने, रास्ता भटकने या अन्य आपात स्थिति में सूचना संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यात्रा मार्ग के इस हिस्से में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना सुरक्षा की दृष्टि से भी जरूरी माना जा रहा है।
मोबाइल टावर लगाने की मांग
ईडीसी भ्यूंडार वैली के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने सरकार से क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की यात्रा पर हर वर्ष लाखों श्रद्धालु व पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर निर्बाध संचार व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने सरकार और संबंधित संचार कंपनियों से भ्यूंडार वैली के नेटवर्कविहीन क्षेत्र का सर्वे कराकर जल्द मोबाइल टावर लगाने की मांग की है।
