23 अगस्त से निकलेगी भगवती कालीमाई की केदारनाथ ज्योतिर्लिंग मंगल यात्रा
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। भगवती कालीमाई कालीमठ की ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम मंगल यात्रा के द्वितीय चरण का शुभ मुहूर्त घोषित कर दिया गया है। आगामी 23 अगस्त को शुभ बेला में यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा केदारनाथ धाम सहित निकटवर्ती गांवों में भ्रमण करेगी।

कालीमठ स्थित लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में आयोजित कालीमाई पंचगांई समिति की आम बैठक में यात्रा की तिथि की विधिवत घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने की। समिति महामंत्री सुरेशानंद गौड़ ने बैठक की कार्यवाही का संचालन एवं वाचन किया।
हक-हकूकधारी ब्रह्मा एवं आचार्यों तथा पुजारियों की उपस्थिति में यात्रा की तिथि घोषित की गई। आचार्य वेंकट रमण सेमवाल एवं भगवती प्रसाद देवशाली ने कहा कि भगवती कालीमाई की यह मंगल यात्रा क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
समिति अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने कहा कि देव यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालु भगवती कालीमाई का पूजन-दर्शन एवं मंगलगान कर पुण्यलाभ अर्जित करें। उन्होंने कहा कि माता के आशीर्वाद से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहे, यही सभी की कामना है।
बैठक में परमानंद गौड़, कोषाध्यक्ष पुष्कर सिंह राणा, वीरेंद्र सिंह रावत, सूरज सिंह राणा, नरोत्तम सिंह, बलबीर रौथाण, प्रदीप राणा, कुलदीप रावत, सीमा देवी, सरोज राणा, उपाध्यक्ष सुदर्शन राणा सहित बीकेटीसी अधिकारी डीएस भुजवाण, कालीमाई पंचगांई के ग्रामीण, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

