
अरविंद जयंती पर 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग
संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। श्री अरविंद के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री अरविंद अध्ययन केंद्र ज्योतिर्मठ की ओर से निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ज्योतिर्मठ नगर के 11 विद्यालयों के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम श्री बदरीनाथ वेदोदान संस्कृत महाविद्यालय ज्योतिर्मठ के पुस्तकालय कक्ष में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव ओमप्रकाश ने किया, जबकि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष प्रकाश पंवार ने संभाली। इस अवसर पर संस्था की सदस्य कमला भट्ट समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य रामदयाल मैदुली और वर्तमान प्राचार्य दरवेश्वर प्रसाद भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्था के अध्यक्ष एवं उत्तर मध्यम संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अध्ययन केंद्र की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी उपस्थित होकर उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था की ओर से सभी विजेता प्रतियोगियों के साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
14 अगस्त को होगा पुरस्कार वितरण
श्री अरविंद के जन्म दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त 2026 को ब्लॉक सभा भवन, ज्योतिर्मठ में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रतियोगिता के विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
