ऊखीमठ : कुमार लोक में रविवार को निकलेगी भव्य जल कलश यात्रा, महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धा

Team PahadRaftar

कुमार लोक में रविवार को निकलेगी भव्य जल कलश यात्रा, महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धा

ऊखीमठ। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में चल रहे 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महायज्ञ के नौवें दिन भी दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार को आयोजित होने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्तिकेय मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों की ओर से यात्रा को भव्य बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर जल कलश यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा बीहड़ चट्टान से होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।

महायज्ञ के नौवें दिन केदारनाथ विधायक ने यज्ञ स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की और हवन में आहुतियां अर्पित कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

यज्ञाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। यज्ञशाला में गूंज रहे वेद मंत्रों और धार्मिक जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पुराण वाचन के दौरान भगवान कार्तिकेय की महिमा, धर्म और संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

समिति के सचिव बलराम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से रविवार को होने वाली जल कलश यात्रा और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गैस-तेल संकट पर भारी पड़ी श्रद्धालुओं की आस्था, बदरीनाथ धाम में 10.85 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ, संजय कुंवर संवाददाता। वैश्विक स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति को लेकर चल रही चुनौतियों के बीच उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पूरे शबाब पर है। भगवान बदरीविशाल के दर पर श्रद्धालुओं की आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि अब तक 10 लाख 85 हजार से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ […]

You May Like