चमोली : नंदा राजजात मार्ग पर बिछेगा सोलर रोशनी का जाल, 2.25 करोड़ से लगेंगी 792 स्ट्रीट और 50 हाईमास्ट लाइट

Team PahadRaftar

केएस असवाल गोपेश्वर : नंदा राजजात यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए यात्रा मार्ग पर सोलर रोशनी का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) ने 2.25 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है।

योजना के तहत नंदा राजजात यात्रा मार्ग पर 792 सोलर स्ट्रीट लाइट और 50 सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाएंगी। इन कार्यों पर कुल 2 करोड़ 25 लाख 79 हजार 832 रुपये खर्च किए जाएंगे। उरेडा की ओर से स्वीकृत धनराशि जनपद चमोली को जारी भी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 832 रुपये तथा हाईमास्ट लाइटों पर 73 लाख 37 हजार रुपये व्यय होंगे। यात्रा मार्ग के चिन्हित स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नंदा राजजात यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोलर लाइटें लगने से रात्रि में आवागमन सुरक्षित होगा और दुर्गम क्षेत्रों में भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सकेगी।

प्रशासन ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था भी की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा तथा श्रद्धालुओं को रात्रिकालीन यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : कुमार लोक में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव महिमा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महायज्ञ के छठवें दिन धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ और कथा श्रवण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। दूर-दराज के गांवों समेत […]

You May Like