चमोली : मतदाता सूची को शुद्ध बनाने पर जोर, 8 जून से घर-घर जाएंगे बीएलओ

Team PahadRaftar

मतदाता सूची को शुद्ध बनाने पर जोर, 8 जून से घर-घर जाएंगे बीएलओ

चमोली : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना और मृत, स्थानांतरित व डुप्लीकेट नामों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।

बैठक में बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर ऐनुमैरेशन फार्म वितरित करेंगे और मतदाताओं को फार्म भरने की जानकारी देंगे। जरूरत पड़ने पर बीएलओ स्वयं भी सहायता करेंगे। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलेगा तो वहां गणना प्रपत्र छोड़कर तीन बार भ्रमण किया जाएगा।

प्रशासन ने साफ किया कि ऐनुमैरेशन चरण में किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। इस दौरान केवल सत्यापन और लिंकिंग का कार्य होगा। बाद में आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन डाउनलोड और अपलोड कर सकते हैं। यदि कोई मतदाता फार्म जमा नहीं करता है तो स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित किया जा सकता है। ऐसे मतदाताओं की सूची पंचायत भवन, नगरीय निकाय कार्यालय और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को निर्वाचक नामावली का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावा और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया पूरी होगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलए-2 नियुक्त करने और मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग की अपील की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : जयकारों के बीच खुले चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट

जयकारों के बीच खुले चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट गोपेश्वर  : हिमालय की पावन वादियों में सोमवार को “हर-हर महादेव” और “जय बाबा रुद्रनाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। विश्व प्रसिद्ध चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के […]

You May Like