क्यूंजा घाटी के आसौ और जयकण्डी में ग्रामीणों ने उठाए सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य व शिक्षा के मुद्दे
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी के दूरस्थ गांवों में मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भण्डारी ने आसौ और जयकण्डी गांवों में रात्रि चौपाल लगाई। चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई।

ग्रामीणों ने चौपाल में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
इस पर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भण्डारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की बात कही। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर भी चर्चा की गई।
क्यूंजा घाटी को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की पैरवी
अजयवीर भण्डारी ने कहा कि क्यूंजा घाटी के चहुंमुखी विकास के लिए जनभावनाओं के अनुरूप कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तीर्थाटन और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए वह प्रदेश सरकार और पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर क्यूंजा घाटी पर्यटन सर्किट बनाने की मांग उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र के तीर्थ और पर्यटन स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाता है, तो इससे न केवल क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार भी मिलेगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने अजयवीर भण्डारी का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और समस्याओं को सुनने के लिए आभार जताया।
इस मौके पर प्रधान आशा देवी नेगी, पूर्व प्रधान शकुन्तला देवी, बृजमोहन सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजनारायण सिंह राणा, महिला मंगल दल अध्यक्ष कविता देवी, आशा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज सिंह नेगी, अनूप रावत, भक्त दर्शन रावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
