चमोली : शादी की खुशियों पर छाई चिंता, सफर में गुम हुए 14 लाख के जेवर, चमोली पुलिस ने लौटाईं परिवार की खुशियां

Team PahadRaftar

14 लाख के जेवरों से भरा बैग गुम होने से परेशान थीं दो महिलाएं, आधी रात तक तलाश में जुटी रही पुलिस

चमोली। भाई की शादी में शामिल होने की खुशियां उस वक्त चिंता में बदल गईं, जब दो महिलाओं का करीब 14 लाख रुपये के जेवरों से भरा बैग सफर के दौरान गुम हो गया। कीमती जेवर खोने की चिंता में परेशान महिलाओं को चमोली पुलिस ने आखिरकार राहत दे दी। पुलिस ने रातभर तलाश कर आधी रात के बाद बैग बरामद कर लिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

रामनगर, नैनीताल और दिल्ली निवासी दोनों महिलाएं 18 अक्टूबर को अपने भाई की शादी में शामिल होने ज्योतिर्मठ जा रही थीं। रामनगर से गैरसैंण, फिर कर्णप्रयाग होते हुए वे चमोली पहुंचीं। इसी सफर में उनका जेवरों से भरा पिट्ठू बैग कहीं छूट गया। काफी तलाश के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो दोनों रात करीब 7:30 बजे मदद की उम्मीद लेकर कोतवाली चमोली पहुंचीं।

बैग में लाखों रुपये के जेवर होने के कारण महिलाओं की चिंता स्वाभाविक थी। पुलिस ने भी उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संबंधित वाहन चालकों से संपर्क किया।

रात करीब 10:30 बजे नारायणबगड़ के हरवंश गांव में वीडियो कॉल के जरिए एक वाहन की जांच कराई गई, लेकिन बैग नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी और महिलाओं के सफर में इस्तेमाल हुए दूसरे वाहन की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब एक बजे उसी वाहन से जेवरों से भरा बैग बरामद हो गया।

बैग मिलने की खबर ने महिलाओं की चिंता दूर कर दी। शादी की खुशियों के बीच गुम हुए कीमती जेवर वापस मिलने पर उन्होंने और उनके परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार जताया। पुलिस की तत्परता ने न केवल लाखों रुपये के जेवर सुरक्षित लौटाए, बल्कि मुश्किल घड़ी में परेशान परिवार को भरोसे और राहत का एहसास भी कराया।

Leave a Reply

You May Like