
पेट्रोल-डीजल कीमतों का असर, 200 रुपये बढ़ा किराया; मनमानी वसूली पर कार्रवाई की चेतावनी
गिरीश चंदोला चमोली : पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच थराली-देहरादून मार्ग पर यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है। इस रूट पर संचालित कुछ कमर्शियल वाहनों का किराया 1000 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया गया है। किराया वृद्धि के बाद यात्रियों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह बढ़ोतरी परिवहन विभाग की अनुमति से हुई है या फिर वाहन संचालकों ने अपने स्तर पर किराया बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार थराली से देहरादून के बीच संचालित टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों में हाल ही में प्रति यात्री 200 रुपये तक किराया बढ़ाया गया है। नए किराये की सूची सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में भी प्रसारित की जा रही है। हालांकि परिवहन विभाग की ओर से किराया वृद्धि संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कोरोना महामारी से पहले इस मार्ग पर किराया करीब 600 रुपये था। बाद में यह बढ़कर 800 रुपये और फिर 1000 रुपये हो गया। अब डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों का हवाला देते हुए किराया 1200 रुपये तक पहुंच गया है।
यात्रियों का कहना है कि यदि किराया बढ़ाया गया है तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उनका तर्क है कि सार्वजनिक परिवहन का किराया निर्धारित प्रक्रिया और विभागीय स्वीकृति के बाद ही बढ़ाया जा सकता है।
एआरटीओ ने कहा, नहीं बढ़ाया गया कोई किराया
चमोली के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अभिषेक भटगाई ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा वर्तमान में किसी भी मार्ग का किराया नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों से टैक्सी संचालकों द्वारा मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने की शिकायतें मिली हैं।
उन्होंने बताया कि टैक्सी यूनियनों के साथ इस विषय पर वार्ता की जाएगी और उन्हें निर्धारित किराया सूची के अनुसार ही यात्रियों से किराया लेने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि कोई वाहन संचालक बिना विभागीय अनुमति के अधिक किराया वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उनसे निर्धारित दर से अधिक किराया लिया जाता है तो इसकी शिकायत परिवहन विभाग को करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बढ़े किराये पर उठ रहे सवाल
- क्या थराली-देहरादून मार्ग पर किराया वृद्धि को विभाग की मंजूरी मिली है?
- यदि नहीं, तो यात्रियों से अतिरिक्त किराया क्यों वसूला जा रहा है?
- मनमानी वसूली रोकने के लिए परिवहन विभाग क्या कदम उठाएगा?
फिलहाल थराली से देहरादून जाने वाले यात्रियों को 1200 रुपये तक किराया चुकाना पड़ रहा है और अब सभी की नजरें परिवहन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
