चमोली : बदरीनाथ से शुरू होगी कांग्रेस की न्याय यात्रा: गोदियाल

Team PahadRaftar

प्रदेश सरकार पर महिला अपराध, पेपर लीक और भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना

केएस असवाल गौचर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार सत्ता के नशे में मदमस्त है। ऐसे में कांग्रेस सजग विपक्ष की भूमिका निभाते हुए न्याय यात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाएगी और प्रदेश व केंद्र सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की न्याय यात्रा की शुरुआत बदरीनाथ धाम से होगी। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी।

गौचर में पत्रकार वार्ता के दौरान गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी अनियमितताओं के मामलों में सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम उजागर न होने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कानून व्यवस्था पर चिंता जताई।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। न्याय यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम के साथ गोल्ज्यू देवता मंदिर, हरकी पैड़ी और टपकेश्वर मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर कांग्रेस नेता पहुंचेंगे। यात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जाएंगे।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मुकेश नेगी, सुशील रावत, हरिकृष्ण भट्ट, जगदीश कनवासी, रजनी लिंगवाल, मंजू खंत्री और अजय किशोर भंडारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like