बदरीनाथ : बारिश के बीच बदरीनाथ परिक्रमा रन में दौड़े 54 धावक, कुलदीप नेगी ने मारी बाजी

Team PahadRaftar

37 मिनट में पूरी की दौड़, सौरभ सिंह दूसरे और अनुज राणा तीसरे स्थान पर रहे

संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम

झमाझम बारिश के बीच बदरीनाथ धाम में रविवार को दो दिवसीय बदरीनाथ परिक्रमा रन-2026 का समापन हुआ। पुरुष वर्ग की दौड़ में भारतीय सेना, आइटीबीपी समेत विभिन्न राज्यों के 54 धावकों ने दमखम दिखाया। स्विट्जरलैंड के एक धावक ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

स्की एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित दौड़ का शुभारंभ अराइवल प्लाजा से हुआ। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बदरी विशाल के जयकारों के बीच हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। धावकों ने बदरीनाथ धाम की परिक्रमा करते हुए माणा गांव तक दौड़ लगाई और फिर अराइवल प्लाजा लौटकर दौड़ पूरी की।

बारिश के बीच धावकों में उत्साह देखते ही बना। आयोजक विमलेश पंवार ने बताया कि कुलदीप नेगी ने 37 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। सौरभ सिंह दूसरे और अनुज राणा तीसरे स्थान पर रहे।

समापन अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और स्की एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने विजेता धावकों को पदक और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ ही खेल पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। बदरीनाथ की ऊंचाई और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बारिश में हुई इस दौड़ ने प्रतिभागियों के साहस और धैर्य की भी परीक्षा ली।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : चमोली में मौसम का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; निचले इलाकों में बारिश

26 सितंबर को ऑरेंज और 27 को येलो अलर्ट, प्रशासन ने ट्रेकिंग और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की संजय कुंवर, गोपेश्वर  चमोली जिले में मौसम ने करवट बदल ली है। शनिवार को ज्योतिर्मठ और बदरीनाथ धाम समेत निचले इलाकों में बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात […]

You May Like