26 सितंबर को ऑरेंज और 27 को येलो अलर्ट, प्रशासन ने ट्रेकिंग और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की

संजय कुंवर, गोपेश्वर
चमोली जिले में मौसम ने करवट बदल ली है। शनिवार को ज्योतिर्मठ और बदरीनाथ धाम समेत निचले इलाकों में बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी रहा। सतोपंथ, सप्त श्रृंग शिखर, फूलों की घाटी, कुंठखाल, टिपरा खरक, चिनाप वैली, एरा टॉप और नीति घाटी क्षेत्र में बर्फबारी हुई। बारिश और हिमपात से जिले में ठंड बढ़ गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 सितंबर को चमोली में ऑरेंज अलर्ट और 27 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। 27 सितंबर को भी आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और तीव्र से अति तीव्र बारिश हो सकती है।
मौसम चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोगों से अनावश्यक आवाजाही और ट्रेकिंग से बचने की अपील की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को जिला मुख्यालय और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहकर आपदा की स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा गया है।

