
ट्रांसफार्मर में धमाके से फैला करंट, गाभिन गाय की मौत; बिजली लाइन पर काम कर रहे दो मजदूर झुलसे
केएस असवाल, गौचर : नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया। तलधारी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में आग लगने से आसपास के घरों में करंट फैल गया, जिससे एक गाभिन गाय की मौत हो गई और करीब दो दर्जन घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं, वार्ड नंबर पांच में बंच केबिल बिछाने के दौरान करंट लगने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे तलधारी स्थित विद्युत सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही आसपास के घरों में करंट दौड़ गया और पंखे, फ्रिज व इंडक्शन चूल्हे समेत कई विद्युत उपकरण जलने लगे। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा।
घटना में मधु मिश्रा की गौशाला में बंधी गाभिन गाय की करंट लगने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 20 से 22 घरों में नुकसान हुआ है। लोगों ने विद्युत विभाग से क्षतिपूर्ति की मांग की है।
उधर, दूसरी घटना बुधवार देर शाम पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच में हुई। पुलिस के अनुसार दो मजदूर बिजली के खंभे पर चढ़कर बंच केबिल बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करंट प्रवाहित हो गया और दोनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मनब्बर पुत्र नानू निवासी गहतोली, सहारनपुर तथा अंकुर पुत्र विनोद निवासी बेहड़, सहारनपुर को विद्युत विभाग के कर्मचारियों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला शटडाउन खोले जाने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। नगर क्षेत्र में इन दिनों पुराने नंगे तारों की जगह बंच केबिल बिछाने का कार्य चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
इधर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
