
चारधाम यात्रा के मद्देनजर मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
केएस असवाल गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने बदरीनाथ, गोविंदघाट और जोशीमठ क्षेत्र में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
यह निरीक्षण अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के निर्देश पर किया गया। उप औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोर्स की जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, एक्सपायरी दवाओं के रख-रखाव, फार्मासिस्ट की उपस्थिति तथा कोल्ड चेन व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक दवाओं की बिक्री पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि इनका दुरुपयोग नशे के रूप में न हो सके।
अधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट 1985 और औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 के तहत रजिस्टर, बिल बुक और स्टॉक की जांच की। बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के शेड्यूल्ड एवं नारकोटिक दवाओं की बिक्री न करने के सख्त निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने साफ कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रा मार्ग पर 24 घंटे जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए।
औषधि निरीक्षक चमोली ने कहा कि यात्रा मार्ग पर नशे के दुरुपयोग पर रोक लगाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नारकोटिक दवाओं की हर खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में रुद्रप्रयाग के औषधि निरीक्षक अमित आजाद सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

