ऊखीमठ : मदमहेश्वर धाम के कपाट खुले, 1135 श्रद्धालु बने साक्षी, गूंजे “हर हर महादेव” के जयकारे

Team PahadRaftar

मदमहेश्वर धाम के कपाट खुले, 1135 श्रद्धालु बने साक्षी, गूंजे “हर हर महादेव” के जयकारे

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग) : पंच केदारों में द्वितीय केदार के नाम से विश्वविख्यात भगवान मदमहेश्वर धाम के कपाट गुरुवार को ग्रीष्मकाल के लिए विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शुभ लगनानुसार खोल दिए गए। मखमली बुग्यालों के मध्य स्थित इस पावन धाम में कपाट खुलते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस ऐतिहासिक अवसर पर 1135 तीर्थयात्री कपाट खुलने के साक्षी बने।

कपाट खुलते ही पूरे धाम परिसर में “हर हर महादेव” के जयकारे गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान मदमहेश्वर के स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विश्व शांति एवं समृद्धि की कामना की। कपाट खुलने के साथ ही यात्रा पड़ावों पर रौनक लौट आई और क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया।

कपाट उद्घाटन से पूर्व ब्रह्म बेला पर गौंडार गांव में मंदिर के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने पंचांग पूजन के तहत विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर भगवान मदमहेश्वर सहित तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का आह्वान किया। इसके बाद प्रातः 5 बजे भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली का भव्य श्रृंगार कर आरती उतारी गई और कैलाश यात्रा के लिए रवाना किया गया।

डोली ने विभिन्न यात्रा पड़ावों पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए देव दर्शनी में विश्राम किया। इसके बाद मदमहेश्वर धाम के भंडारी मदन सिंह पंवार व विशाम्बर पंवार ने शंखध्वनि के साथ डोली को धाम आगमन का निमंत्रण दिया, जिसे डोली यात्रा दल ने शंखध्वनि के साथ स्वीकार किया।

इसके बाद डोली मुख्य मंदिर पहुंची, जहां मंदिर की तीन परिक्रमा एवं सहायक मंदिरों में शीश नवाने के उपरांत ठीक 11:10 बजे वेद ऋचाओं और मंत्रोच्चारण के साथ कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के बाद पंडित श्रीवर्ध जमलोकी द्वारा परंपरागत शुद्धिकरण यज्ञ संपन्न किया गया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता नारायण दत्त जुयाल एवं लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी ने बताया कि कपाट खुलने के बाद देर सायं तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।

इस अवसर पर दिल्ली के उद्योगपति दिनेश कनौडिया, मंदिर समिति सदस्य प्रह्लाद पुष्वाण, पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत, आशुतोष भंडारी, रविंद्र भट्ट, शिवानंद पंवार, प्रधान अनूप पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं हक-हकूकधारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : चारधाम यात्रा के मद्देनजर मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी

चारधाम यात्रा के मद्देनजर मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी केएस असवाल गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने बदरीनाथ, गोविंदघाट और जोशीमठ क्षेत्र में औषधि विक्रय […]

You May Like