चमोली : हेमकुंड साहिब की आस्था से जुड़ा 32वां पैदल जत्था विष्णु प्रयाग पहुंचा, दिया भाईचारे का संदेश

Team PahadRaftar

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक से श्री हेमकुंड साहिब की पैदल यात्रा पर निकला सिख श्रद्धालुओं का 32वां जत्था सोमवार को विष्णु प्रयाग संगम पहुंचा। यहां गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से जत्थे के मुख्य सेवादारों का सरोपा भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि जत्था पिछले एक माह से अधिक समय से पैदल यात्रा कर रहा है। श्रद्धालु सेवा, अनुशासन और अटूट आस्था के साथ गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के तपस्थल श्री हेमकुंड साहिब की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह डेरा बाबा नानक से निकलने वाला 32वां पैदल जत्था है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने पंजाब समेत देश-विदेश की संगत से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उनका कहना था कि गुरु महाराज की कृपा से यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

इस अवसर पर संगत ने हिंदू और सिख समुदाय के बीच प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि सप्तश्रृंग पर्वतों के मध्य स्थित पवित्र अमृत सरोवर में स्नान कर श्री हेमकुंड साहिब में मत्था टेकना हर श्रद्धालु के जीवन का सौभाग्य है। उन्होंने सभी से देश और दुनिया में सुख, शांति, अमन और खुशहाली के लिए अरदास करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : कुमार लोक से स्कंद नगरी तक चला स्वच्छता अभियान, युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय की पावन तपस्थली कुमार लोक से स्कंद नगरी तक आगाज यूथ क्लब, श्रीनगर गढ़वाल की ग्वास-घिमतोली तल्लानागपुर यूनिट के युवाओं ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान युवाओं ने यात्रा मार्ग पर फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन, पानी की खाली बोतलें और अन्य कचरा एकत्र कर […]

You May Like