नामित पार्षद बनने पर तेजपाल गुसाईं का पैतृक गांव में जोरदार स्वागत
गिरीश चंदोला थराली (चमोली)। नगर पंचायत थराली के नामित पार्षद बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ता तेजपाल गुसाईं का उनके पैतृक गांव देवराड़ा में ग्रामीणों और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया और मिठाई बांटकर खुशी जताई गई।
ग्रामीण केदार पंत ने कहा कि तेजपाल गुसाईं लंबे समय से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुसाईं अपने सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में अलग पहचान रखते हैं तथा हमेशा लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं। उनके नामित पार्षद बनने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
नव-नामित पार्षद तेजपाल गुसाईं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनकी पहली प्राथमिकता है और वे आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

