चमोली : सैनिक बाहुल्य सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय शुरू कराने की तैयारी तेज

Team PahadRaftar

सवाड़ में 2026-27 सत्र से शिक्षण कार्य शुरू कराने की कवायद केए

गोपेश्वर/देवाल। सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय शुरू होने की उम्मीद अब तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने शैक्षिक सत्र 2026-27 से यहां शिक्षण कार्य शुरू कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

सवाड़ गांव में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के मानकों के अनुसार की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए और शेष व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं, ताकि समय से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सके।

फौजी परंपरा और देश सेवा के लिए पहचाने जाने वाले सवाड़ गांव में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ग्रामीणों ने विद्यालय भवन के स्थायी निर्माण के लिए 103 नाली भूमि शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराई है। इसके अलावा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय संचालन के लिए कक्षा-कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराई गई भूमि को शीघ्र केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित कराने, ग्रामीण निर्माण विभाग को वैकल्पिक कक्षों को मानकों के अनुरूप तैयार करने और ऊर्जा निगम को विद्यालय परिसर में विद्युत व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें, ताकि तय समय पर विद्यालय संचालन शुरू हो सके।

बैठक में परियोजना अधिकारी आनंद भाकुनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, बीईओ योगेंद्र प्रसाद और अमर शहीद सैनिक मेला सवाड़ के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट मौजूद रहे। जबकि उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट और ग्राम प्रधान आशा धपोला सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Next Post

गोपेश्वर : गैस पर प्रशासन की नजर, डीएम खुद पहुंचे गोदामों तक

घरेलू गैस की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील पहाड़ रफ्तार संवाददाता गोपेश्वर : जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार खुद मैदान में उतरे और विभिन्न गैस एजेंसियों व गोदामों का औचक […]

You May Like