
डेयरी से बदली तकदीर : गांव के राहुल बने आत्मनिर्भर, लाखों में कमाई
जसपाल नेगी पौड़ी। पहाड़ के युवा अब नौकरी की तलाश छोड़ खुद रोजगार खड़ा कर रहे हैं। केवर्स गांव के राहुल गुसाईं ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लेकर उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया और आज अच्छी कमाई के साथ आत्मनिर्भर बन गए हैं।

राहुल ने 7 लाख रुपये के ऋण से 5 गायों के साथ शुरुआत की थी। मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने धीरे-धीरे अपने डेयरी व्यवसाय का विस्तार किया। आज उनके पास जर्सी, साहीवाल, गिर, बद्री और एचएफ नस्ल की कुल 24 गायें हैं।
राहुल प्रतिदिन 150 से 170 लीटर दूध उत्पादन कर रहे हैं। यह दूध स्वयं सहायता समूह, आंचल डेयरी और स्थानीय बाजार में सप्लाई किया जाता है। अच्छी गुणवत्ता के चलते उनके दूध की मांग लगातार बढ़ रही है।
कमाई की बात करें तो राहुल को हर महीने करीब 80 से 90 हजार रुपये की आय हो रही है, जिसमें 45 से 50 हजार रुपये तक का शुद्ध मुनाफा शामिल है। इस आय से उनका परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है।
राहुल का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें नई राह दिखाई। वहीं, पशुपालन विभाग से मिल रहे तकनीकी सहयोग से उनका काम और बेहतर हो रहा है।
बन गए मिसाल
राहुल गुसाईं आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो गांव में रहकर ही स्वरोजगार के जरिए अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

