चमोली : हरेला पर ज्योतिर्मठ में लगा हरियाली का महाअभियान, एक हजार पौधों का रोपण

Team PahadRaftar

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। प्रकृति संरक्षण को समर्पित उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला ज्योतिर्मठ क्षेत्र में उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग के तत्वावधान में वन पंचायत रवि ग्राम लिंक रोड स्थित वन क्षेत्र में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों ने मिलकर करीब एक हजार छायादार एवं चारा प्रजाति के पौधे रोपे।

कार्यक्रम में वन पंचायत रवि ग्राम, महिला मंगल दल, आईटीबीपी फायर सर्विस, एनडीआरएफ, नगर पालिका परिषद, एनटीपीसी तथा स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वेद मंत्रोच्चार के बीच पौधों का रोपण कर प्रकृति पूजन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, ज्योतिर्मठ ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी तथा नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब सभी लोग इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल का भी संकल्प लें। उन्होंने वन विभाग से रोपे गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिक फोटो तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनना चाहिए।

कार्यक्रम का आयोजन डीएफओ नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क अभिमन्यु के मार्गदर्शन एवं एसडीओ की उपस्थिति में किया गया। वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने सभी विभागों, मातृशक्ति और स्वयंसेवी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ इनकी नियमित देखभाल भी सभी की साझा जिम्मेदारी है। तभी हरेला पर्व का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प सफल हो सकेगा।

Leave a Reply

Next Post

ज्योतिर्मठ : हरेला पर सरस्वती विद्या मंदिर की पर्यावरण मुहिम, एनएसएस-एनसीसी कैडेट्स ने किया पौधरोपण

जनजागरण रैली निकालकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश ज्योतिर्मठ, संजय कुंवर। हरेला पर्व के शुभ अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ के एनएसएस यूनिट और एनसीसी कैडेट्स ने रविग्राम वन पंचायत भूमि (गैस गोदाम के निकट) में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय परिसर […]

You May Like