
सतपाल महाराज ने बदरी-केदार धाम में किए दर्शन, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज सोमवार को श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं विश्व कल्याण की कामना की।
मंत्री सतपाल महाराज ने दोनों धामों में दर्शन के बाद चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा इस वर्ष भी रिकॉर्ड स्तर पर संचालित हो रही है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा यात्रा व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से 10 करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि बीमा पॉलिसी के तहत भगदड़, ईश्वरीय जोखिम एवं आतंकवाद जैसी परिस्थितियों में प्रभावित श्रद्धालुओं को एक लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर आने से पहले चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें और स्वास्थ्य के अनुसार ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए आवश्यक दवाएं एवं उपकरण साथ रखें।
उन्होंने यात्रियों से सरकार की गाइडलाइन का पालन करने, पहचान पत्र एवं यात्रा दस्तावेज साथ रखने तथा स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस दौरान उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।
