हर घर तिरंगा के तहत निकली रैली, क्विज में यमुना ग्रुप रहा अव्वल
संजय कुंवर जोशीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नमामि गंगे इकाई और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के साथ छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना रहा।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में यमुना ग्रुप ने प्रथम, सरस्वती ग्रुप ने द्वितीय तथा गंगा और नर्मदा ग्रुप ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रश्नोत्तरी का संचालन डॉ. शेखर कुमार, डॉ. कविता रावत, डॉ. नवीन कोहली, डॉ. धीरेन्द्र सिंह और डॉ. विवेक रावत ने किया। परिणाम संकलन में डॉ. उपेंद्र सिंह ने सहयोग किया।
राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंजा बाजार
प्रश्नोत्तरी के बाद महाविद्यालय परिसर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रैली निकाली गई। राष्ट्रप्रेम के नारों के साथ रैली नृसिंह मंदिर के समीप मुख्य बाजार तक पहुंची और वापस महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई।
रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र राणा, डॉ. रणजीत सिंह, डॉ. नवीन पंत सहित महाविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
