
सतपुली कांड पर गरमाई सियासत: थाने में कांग्रेस का हंगामा, निष्पक्ष जांच की मांग
जसपाल नेगी पौड़ी। सतपुली के रैतपुर में युवक की मौत के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सतपुली थाने में जोरदार प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

मामला 19 वर्षीय पंकज कुमार की मौत से जुड़ा है, जिसने कथित तौर पर पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में गुस्से का माहौल है और लोग सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष खुद रैतपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और साफ कहा कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
गोदियाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि पुलिस पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पहले भी पुलिस प्रताड़ना के आरोप सामने आ चुके हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि जांच के दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय के साथ आर्थिक सहायता और सुरक्षा भी दी जाए।
आक्रोश बरकरार
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
