चमोली : पातरनचौनिया-बगवाबासा पहुंची नंदा की बड़ी जात, देवराड़ा लौटी बधाण की डोली

Team PahadRaftar

वेदनी कुंड में स्नान-पूजन के बाद निर्जन पड़ाव के लिए रवाना हुईं देव डोलियां, शनिवार को रूपकुंड-ज्यूरागली पार करेगी यात्रा

गिरीश चंदोला थराली। हिमालयी बुग्यालों में मां नंदा के जयकारे और लोक आस्था की गूंज शुक्रवार को भी सुनाई दी। बेहद खुशनुमा मौसम के बीच श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा अपने 15वें पड़ाव पातरनचौनिया और बगवाबासा पहुंच गई। दशोली, बंड और ज्वाल्पा क्षेत्र की देव डोलियां, छंतोलियां और चौसिंगा खाड़ू के साथ श्रद्धालुओं का कारवां कठिन हिमालयी रास्तों पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

शुक्रवार को यात्रा के 14वें पड़ाव वेदनी पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने वेदनी कुंड में स्नान किया और नंदादेवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद देव डोलियों के साथ यात्रा पातरनचौनिया और बगवाबासा के निर्जन पड़ावों के लिए रवाना हुई। दुर्गम रास्तों के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

शनिवार को यात्रा का सबसे चुनौतीपूर्ण चरण होगा। बड़ी जात रूपकुंड क्षेत्र से होते हुए यात्रा मार्ग के कठिन पड़ावों में शामिल ज्यूरागली को पार कर 16वें पड़ाव शीला समुद्र पहुंचेगी। यहां यात्रियों के लिए हिमालय की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यात्रा और आस्था दोनों की परीक्षा होगी।

वेदनी से देवराड़ा लौटी बधाण की डोली

इधर, बधाण की श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी की लोकजात यात्रा ने भी शुक्रवार को वेदनी से वापसी शुरू कर दी। सुबह 13वें पड़ाव गौरोलीपातल से रवाना हुई देवी की डोली वेदनी बुग्याल पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने वेदनी कुंड की परिक्रमा कर पितरों को तर्पण दिया और उनके तारण की प्रार्थना की।

दोपहर बाद डोली ने वापसी यात्रा शुरू की। आली बुग्याल और दिदिना होते हुए यात्रा देवाल विकासखंड के बांक गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों और देवी भक्तों ने डोली का गर्मजोशी से स्वागत किया। मां नंदा के जयकारों से गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा।

शनिवार को बधाण की डोली लोहाजंग और बगड़ीगाड़ होते हुए रात्रि प्रवास के लिए ल्वाणी गांव पहुंचेगी।

Leave a Reply

Next Post

जोशीमठ : किमाणा के जंगल में कांचुला के साथ दो नेपाली गिरफ्तार

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की उर्गम अनुभाग टीम की कार्रवाई, न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष किया पेश संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के जोशीमठ रेंज की उर्गम अनुभाग टीम ने किमाणा वन पंचायत के जंगल में कार्रवाई करते हुए दो नेपाली मूल के व्यक्तियों को कांचुला की गांठों के […]

You May Like