
लोकगीत-लोकनृत्य से सजी महोत्सव की शाम, विद्यालयों और महिला मंगल दलों ने बांधा समां
ऊखीमठ। नंदा अष्टमी के पावन अवसर पर जागतोली के विशाल क्रीड़ा मैदान में पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, कलाकारों और महिला मंगल दलों ने लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट अति विशिष्ट अतिथि और भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ऐसे महोत्सव लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षण देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। नंदा अष्टमी पर आयोजित यह महोत्सव दशज्यूला की सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान कर रहा है।
राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि दशज्यूला की धरती महान विभूतियों की जन्म और कर्मस्थली रही है। महोत्सव अध्यक्ष जयवर्धन कांडपाल ने अतिथियों का आभार जताया। महासचिव कालिका कांडपाल ने दशज्यूला क्षेत्र की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक परंपराओं पर प्रकाश डाला।
महोत्सव में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए हैं, जहां ग्रामीणों और काश्तकारों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पांच दिवसीय आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ क्षेत्र की लोक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को भी जीवंत कर रहा है।
