गौचर : आईटीबीपी के हिमवीरों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

Team PahadRaftar

आईटीबीपी के हिमवीरों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

केएस असवाल संवाददाता, गौचर : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 8वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की ओर से गौचर स्थित परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, हिमवीर पदाधिकारियों, एनडीआरएफ जवानों तथा हिमवीर परिवार की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन 8वीं वाहिनी के सेनानी मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व एवं निर्देशन में किया गया। योग सत्र के दौरान आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग की महत्ता बताते हुए इसे भारतीय संस्कृति और प्राचीन परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। गृह मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए।

आईटीबीपी की अग्रिम चौकियों पर तैनात हिमवीरों ने भी विषम परिस्थितियों में स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान जवानों और स्थानीय लोगों ने योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सेनानी मनोहर सिंह रावत ने कहा कि योग उम्र, लिंग, जाति, धर्म और राष्ट्र की सीमाओं से परे मानवता को जोड़ने वाला माध्यम है। योग शरीर और मन के बीच सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और इसकी उपयोगिता को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आईटीबीपी समय-समय पर सैनिकों और नागरिकों के बीच सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। योग दिवस का यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : 2027 की तैयारी में जुटे गणेश शाह, थराली विधानसभा से पेश करेंगे दावेदारी

गिरीश चंदोला थराली। कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि वह थराली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी भी रखेंगे। थराली में आयोजित पत्रकार वार्ता में […]

You May Like