
छात्राओं ने सीखी सांकेतिक भाषा और विभिन्न भारतीय भाषाओं में अभिवादन
केएस असवाल गौचर : पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में मंगलवार से भारतीय भाषा समर कैंप-2026 का शुभारंभ हो गया। भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र नई दिल्ली, एससीईआरटी उत्तराखंड और डायट गौचर के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर दो जून तक चलेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश शारस्वत ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
प्रधानाचार्य श्रद्धा रावत ने छात्राओं को समर कैंप के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि बहुभाषिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से छात्राओं को विभिन्न भारतीय भाषाओं और भारतीय सांकेतिक भाषा की जानकारी दी जाएगी।
पहले दिन शिक्षिकाओं ने रोल प्ले और फ्लैश कार्ड गतिविधियों के जरिए छात्राओं को विभिन्न भारतीय भाषाओं में बेसिक अभिवादन, सामान्य बोलचाल के वाक्य और भारतीय सांकेतिक भाषा में अंग्रेजी अक्षरों की पहचान कराई। साथ ही सांकेतिक भाषा के संकेतों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डा० सुमन ध्यानी शर्मा, शारदा रावत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र सिंह पंवार, पीटीए अध्यक्ष अनीता चौहान, वार्ड सदस्य विनोद कनवासी, गौरव कपूर और पूनम रावत मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संचालन में शिक्षिकाएं साधना, आशादीप मैठाणी, अंजू और बीना ने सहयोग किया।
